परिजनों के अनुसार, गुरुवार दिन में पति-पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि रमेश घर छोड़कर कहीं चला गया। परिवार के लोगों ने पहले तो सोचा कि वह कुछ समय बाद लौट आएगा, लेकिन जब शाम तक उसका कोई पता नहीं चला तो परिजन चिंतित हो उठे। इसी बीच गांव के कुछ किसान, जो अपने खेतों में काम कर रहे थे, उन्होंने एक आम के पेड़ के नीचे एक व्यक्ति को अचेत अवस्था में पड़ा देखा।
किसानों ने पास जाकर देखा तो वह रमेश था, जिसकी मौके पर ही मौत हो चुकी थी। इस घटना की जानकारी तुरंत उसके परिजनों को दी गई। सूचना मिलते ही परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और रमेश को मृत अवस्था में देखकर उनके होश उड़ गए। परिवार में कोहराम मच गया और गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा, जांच में जुटी टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। प्रथम दृष्टया मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है, क्योंकि युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि युवक ने आत्महत्या की है या फिर उसकी मौत के पीछे कोई अन्य कारण है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
गांव के लोगों के अनुसार, रमेश एक सामान्य स्वभाव का व्यक्ति था और मजदूरी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। हालांकि, घरेलू विवाद की बातें सामने आ रही हैं, लेकिन उसकी मौत के पीछे की असली वजह अभी रहस्य बनी हुई है।
इस घटना से मृतक के परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजन रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने परिवार वालों को आश्वासन दिया है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल, सभी की नजरें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हुई हैं, जिससे इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठ सके।
वर्जन
पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की सही वजह सामने आ सकेगी। पुलिस टीम गहनता से पूरे मामले की जांच कर रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। राजेन्द्र सिंह,थाना प्रभारी उसावां

0 टिप्पणियाँ